पटना : बिहार विधानसभा के दूसरे चरण का मतदान की तैयारी पूरी हो चुकी है। मतदान 11 नवंबर को होगा, जिसमें 122 सीटों पर वोटिंग होनी है, जिसके लिए 45,399 बूथ बनाए गए हैं। अबकी बार 122 सीटों पर 1302 उम्मीदवार मैदान में हैं, जिसके भाग्य का फैसला 14 नवंबर को होगा। सबसे बड़ी बात यह है कि दूसरे चरण में गया जी के इमामगंज प्रखंड के हेरहज, पथरा और केवलडीह गांव के मतदाता लगभग 25 साल बाद अपने गांव पर बने मतदान केंद्र में वोट कर पाएंगे। जानकारी हो कि 2001 में आखिरी बार वोटिंग के बाद से इन तीनों गांवों के लोग वोट नहीं डाल पा रहे थे। नक्सलियों के तांडव के कारण प्रशासन द्वारा इन गांवों का मतदान केंद्र लगभग 10 किलोमीटर की दूरी पर स्थित सलैया में बनाया गया था। यातायात की सुविधा न के बराबर होने के कारण ग्रामीण मतदान केंद्र तक नहीं पहुंच पाते थे, जिस कारण वे अपना मतदान नहीं कर पाते थे। निवार्चन आयोग द्वारा गांव में मतदान केंद्र बनाए जाने के बाद ग्रामीणों के चेहरे पर खुशी साथ देखी जा सकती है। ग्रामीण वोटिंग करने को लेकर काफी उत्सुक देखे जा रहे हैं।
बिहार चुनाव : 25 साल बाद गयाजी के तीन गांवों में होगी वोटिंग
