रांची विश्वविद्यालय में लहराया भगवा

जीत के बाद विजय जुलूस निकालते अभाविप कार्यकर्ता

भले ही पांचो राज्यों के विधानसभा चुनाव में भगवा फीका पड़ गया हो लेकिन रांची विश्वविद्यालय छात्र संघ चुनाव में भगवा सिर चढ़कर लहरा रहा है। बता दें कि अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद् ने विश्वविद्यालय के पांचो पदों पर अप्रत्याशित जीत हासिल कर ली है। जीत के बाद सभी प्रत्याशियों को शाम पांच बजे बेसिक साइंस भवन में शपथ दिलाई गई। घोषित चुनाव परिणाम के मुताबिक रांची विश्वविद्यालय की कमान अब अध्यक्ष नेहा मार्डी, उपाध्यक्ष कुणाल कुमार शर्मा, सचिव सौरभ बोस उपसचिव अंकित रंजन और संयुक्त सचिव सौरभ कुमार के हाथों होगी। इससे पूर्व महाविद्यालयीन छात्र संघ चुनाव में भी एबीवीपी ने कुल 80 सीटों में से 42 सीटों पर जीत हासिल की थी। अभाविप की यह जीत मुरझाये हुए कमल के लिए पानी हो सकती है। क्योंकि पांच राज्यों के विधानसभा चुनाव में भाजपा को पराजय का मुंह देखना पड़ा था। हांलाकि एबीवीपी का भाजपा से कोई सीधा संबंध नहीं है लेकिन दोनों एक ही विचार परिवार यानी राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ से ताल्लुक रखते हैं। रांची विश्वविद्यालय स्तरीय (अप्रत्यक्ष) चुनाव में 57.5 प्रतिशत वोटिंग हुई। यहां कुल 80 में से 46 वोट पड़े। जिसमें अध्यक्ष पद पर चुनी गईं नेहा मार्डी को 44, उपाध्यक्ष के लिए कुणाल कुमार शर्मा को 44, सचिव के लिए सौरभ बोस को 45, उपसचिव के लिए अंकित रंजन को 44 और संयुक्‍त सचिव के लिए सौरभ कुमार को 45 वोट मिले हैं।